Skip to content

देशभर में बदला मौसम का मिजाज: कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, राजस्थान में धूल भरी आंधी की चेतावनी

नई दिल्ली । देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवाओं के चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है,इससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी आने की संभावना है, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, राजधानी में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी की चेतावनी

हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है,वहीं हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं,मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

राजस्थान में धूल भरी आंधी का खतरा

राजस्थान के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और धूल भरी आंधी आने की संभावना जताई गई है,इससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है, और सड़क यातायात पर असर पड़ सकता है।



इन राज्यों में बारिश और गरज-चमक के आसार

मौसम विभाग के अनुसार बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, विदर्भ, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है,इन क्षेत्रों में 115.6 से 204.4 मिमी तक वर्षा होने का अनुमान है, इसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है,इसके अलावा असम, मेघालय, बिहार, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए,येलो अलर्ट जारी किया गया है,इन इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।



छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में मानसून आगे बढ़ने के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में हरनई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फुलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर तक पहुंच चुकी है,अगले चार से पांच दिनों में मानसून के तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

कुछ क्षेत्रों में लू और उमस का असर जारी

बारिश की गतिविधियों के बावजूद छत्तीसगढ़, तेलंगाना और विदर्भ के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना बनी हुई है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल और कोंकण-गोवा के कुछ क्षेत्रों में उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है।



किसानों और आम लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को मौसम की जानकारी पर लगातार नजर रखने की सलाह दी है, तेज हवा और बारिश की संभावना वाले क्षेत्रों में कटाई की गई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा पशुओं को खुले स्थानों में न बांधने की अपील की गई है,विभाग ने आम लोगों से भी आंधी, बिजली और भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने, पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में न जाने की सलाह दी है,कुल मिलाकर, देश के अधिकांश हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम सक्रिय रहने वाला है, कहीं बारिश राहत देगी तो कहीं तेज हवाएं और गरज-चमक लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं,ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना जरूरी होगा।

ख़बर शेयर करें: