Skip to content

उज्ज्वला योजना लाभार्थियों को बड़ी राहत: पहले चार LPG रिफिल पर मिलेगी ₹300 की सब्सिडी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के करोड़ों लाभार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने राहत भरी घोषणा की है, सरकार ने योजना के पात्र उपभोक्ताओं को पहले चार एलपीजी रिफिल सिलिंडरों पर प्रति सिलिंडर ₹300 की डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) सब्सिडी जारी रखने का निर्णय लिया है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, उज्ज्वला योजना से जुड़े एक सामान्य परिवार में वर्षभर में औसतन चार एलपीजी रिफिल सिलिंडरों की खपत होती है,इसी औसत खपत को ध्यान में रखते हुए,सरकार लाभार्थियों को पहले चार रिफिल पर ₹300 प्रति सिलिंडर की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित करेगी।

मंत्रालय ने बताया कि पहले प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को साल में नौ रिफिल सिलिंडरों तक DBT सब्सिडी का लाभ मिलता था,अब वास्तविक औसत खपत के आधार पर पहले चार रिफिल पर सब्सिडी सुनिश्चित की गई है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सीधे आर्थिक सहायता मिल सकेगी।



सरकार का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वच्छ ईंधन के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना, और रसोई गैस की बढ़ती लागत से राहत प्रदान करना है, इससे ग्रामीण और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर घरेलू खर्च का बोझ कम होगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देशभर में करोड़ों परिवारों को निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं,यह योजना महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है।

ख़बर शेयर करें: