Skip to content

मानसून ने पकड़ी रफ्तार: 12 राज्यों में दस्तक, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर भारत में लू की चेतावनी

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून देशभर में तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब तक 12 राज्यों को अपनी चपेट में ले चुका है, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार मानसून केरल, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पहुंच चुका है,वहीं उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई क्षेत्रों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रविवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि मध्य प्रदेश के इंदौर में तेज आंधी चली। राजधानी दिल्ली में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला, तेज आंधी और बारिश के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के तीन नैरो बॉडी विमान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते उन्हें अस्थायी रूप से परिचालन से बाहर करना पड़ा।



दिल्ली-एनसीआर में फिर बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सोमवार से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, अगले कुछ दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है और पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है,इसके साथ ही क्षेत्र में हीटवेव जैसी परिस्थितियां बनने की आशंका जताई गई है।

इन राज्यों में जल्द पहुंचेगा मानसून

आईएमडी के अनुसार 8 जून से 5 जुलाई के बीच मानसून मेघालय, तेलंगाना, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और राजस्थान के शेष हिस्सों तक पहुंच सकता है।



कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने राजस्थान समेत कई राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है, 7 से 11 जून के दौरान पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल सकता है।



दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा, वहीं राजस्थान का श्रीगंगानगर 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया।



अगले दो दिनों का मौसम पूर्वानुमान

9 जून को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश तथा पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है, वहीं ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के साथ वर्षा हो सकती है।



10 जून को दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है,इसके अलावा मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा आंधी-तूफान आने की संभावना जताई गई है,मौसम विभाग ने नागरिकों से अत्यधिक गर्मी और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

ख़बर शेयर करें: