Skip to content

NTPC लारा विस्तार के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा, स्टेज-3 की जनसुनवाई से पहले बढ़ा विरोध

रायगढ़।  लारा सुपर थर्मल पावर स्टेशन के तृतीय चरण (Stage-III) विस्तार को लेकर पुसौर क्षेत्र के ग्रामीणों ने विरोध तेज कर दिया है,ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी को आपत्ति पत्र सौंपते हुए पर्यावरणीय स्वीकृति पर पुनर्विचार की मांग की है,उनका कहना है कि “पहले स्टेज-1 और स्टेज-2 में किए गए वादे पूरे किए जाएं, उसके बाद ही स्टेज-3 पर विचार किया जाए।”


वादे अधूरे, सुविधाएं नदारद
ग्रामीणों का आरोप है कि स्टेज-1 की जनसुनवाई के दौरान NTPC ने क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल, विशेषज्ञ डॉक्टर, सस्ती चिकित्सा सुविधा और उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था का वादा किया था, लेकिन आज तक इन वादों का समुचित पालन नहीं हुआ, न तो अपेक्षित स्तर का अस्पताल बना और न ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था विकसित हो सकी।



महंगाई और प्रदूषण से बढ़ी परेशानी
संयंत्र स्थापना के बाद क्षेत्र में महंगाई में वृद्धि हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, ग्रामीणों का कहना है कि फ्लाई ऐश के कारण कृषि भूमि बंजर हो रही है,और जल व वायु की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है,स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने से नाराजगी और बढ़ गई है।



स्टेज-2 के बाद अब स्टेज-3 पर चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि स्टेज-2 में भी भारी विरोध के बावजूद जनसुनवाई कराई गई थी,अब स्टेज-3 के प्रस्तावित विस्तार से प्रदूषण और बढ़ने की आशंका है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा सकता है।


ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में चार प्रमुख मांगें रखी हैं—

– तृतीय चरण की पर्यावरणीय स्वीकृति पर पुनर्विचार किया जाए।
– पूर्व में किए गए वादों और शर्तों की स्वतंत्र समीक्षा कराई जाए।
– स्थानीय नागरिकों की आपत्तियों को दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए।
– पूर्व चरणों के सामाजिक और पर्यावरणीय दायित्व पूरे होने तक नई स्वीकृतियां स्थगित की जाएं।

ग्रामीणों ने अपने आवेदन में लिखा है कि वे अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए यह आवाज उठा रहे हैं,आवेदन की प्रतिलिपि रायगढ़ कलेक्टर को भी भेजी गई है।



16 जून को होगी जनसुनवाई
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने स्टेज-3 विस्तार के लिए जनसुनवाई की तारीख घोषित कर दी है,16 जून 2026, सुबह 11 बजे ग्राम महलोई (तहसील पुसौर) में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास जनसुनवाई आयोजित होगी, प्रस्तावित विस्तार के तहत प्लांट की क्षमता 3200 मेगावाट से बढ़ाकर 4800 मेगावाट की जाएगी।



कई गांव होंगे प्रभावित
यह विस्तार पुसौर तहसील के अरमुडा, छपोरा, बोडाझरिया, महलोई, रियापाली, कांडागढ़, देवलपुरा, घुटकूपाली, थेंगापाली और लारा सहित कई गांवों को प्रभावित करेगा।



विरोध के आसार तेज
जनसुनवाई से पहले ही ग्रामीणों का विरोध सामने आ चुका है, उनका दावा है कि फ्लाई ऐश से हजारों एकड़ खेती प्रभावित हुई है,और रोजगार के अवसर नहीं मिले। वहीं, 2 जुलाई को रुंगटा संस के विस्तार की जनसुनवाई भी प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र में विरोध और तेज होने की संभावना है,ग्रामीणों का साफ कहना हैं,— “एक NTPC ने बर्बाद कर दिया, अब विस्तार बर्दाश्त नहीं होगा।”

ख़बर शेयर करें: