रायपुर। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए, पूरे उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया है,मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं है, बल्कि बच्चों के सपनों को साकार करने और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है,उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय जाने और पूरी लगन के साथ अध्ययन करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की मेहनत और शिक्षा ही भविष्य में सफलता का आधार बनती है,उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने, ज्ञान अर्जित करने तथा अच्छे संस्कार और व्यक्तित्व विकास के माध्यम से प्रदेश और देश के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया,उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के बच्चे अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे, और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे,मुख्यमंत्री साय ने सभी विद्यार्थियों के सफल, उज्ज्वल और प्रेरणादायी भविष्य की कामना करते हुए नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।




