Skip to content

ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 300 किलो गांजा जब्त, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रायगढ़ । रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे, विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 300 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, पुलिस ने गांजा, दो लग्जरी वाहन और पांच मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है,यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।



पुलिस के अनुसार उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले तक गांजे की बड़ी खेप भेजे जाने की सूचना मिली थी, सूचना की पुष्टि होने के बाद एसएसपी के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध वाहनों को रोका।



जांच के दौरान एक सफेद रंग की इनोवा क्रिस्टा और एक मारुति सुजुकी एक्सएल-6 वाहन को रोककर तलाशी ली गई, पुलिस को इनोवा वाहन में दोहरी नंबर प्लेट लगी मिली, जिससे संदेह और गहरा गया, वाहन में ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों की नंबर प्लेट लगी हुई थी।



तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल करीब 300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है,पुलिस ने गांजे के अलावा परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा (करीब 20 लाख रुपये), एक्सएल-6 (करीब 14 लाख रुपये) तथा पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन शामिल हैं, भी जब्त किए हैं, जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये बताई गई है।



पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजे की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी,मामले में थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है,पुलिस ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है,इसके लिए एक विशेष टीम सरगुजा और अनूपपुर रवाना की गई है।



गिरफ्तार आरोपी

निखिल कश्यप (23 वर्ष), निवासी रामानुजगंज, जिला बलरामपुर, रिंकु कश्यप (28 वर्ष), निवासी नवानगर चिरगापारा, जिला सरगुजा, धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27 वर्ष), निवासी हराटोला, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)

जब्त सामग्री

करीब 300 किलो गांजा

1 इनोवा क्रिस्टा कार

1 मारुति सुजुकी एक्सएल-6 कार

5 मोबाइल फोन (दो आईफोन सहित)




एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अंतरराज्यीय तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी,उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा,इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक देव कुमार राठिया, नंदू पैकरा तथा आरक्षक शशि भूषण साहू, शशि भूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमार साय भगत एवं विनोद कुजूर की सराहनीय भूमिका रही।

ख़बर शेयर करें: