Skip to content

छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक जल्द, 2-3 दिनों में प्रवेश की संभावना; कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़वासियों को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 2 से 3 दिनों के भीतर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है,मानसून की आहट के साथ ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं,मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है,विभाग ने कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है,नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है,मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला है,प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

वहीं मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में राजनांदगांव सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया,मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है,विशेष रूप से दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ के रास्ते मानसून के प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं,राजधानी रायपुर में भी अगले 24 घंटों के दौरान मौसम बदला-बदला रहने का अनुमान है। आसमान में बादलों की मौजूदगी के साथ कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है, रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है,बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिणी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, मौसम विभाग का मानना है कि मानसून के आगमन के साथ आने वाले दिनों में प्रदेशभर में मौसम और अधिक सक्रिय होगा तथा लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

ख़बर शेयर करें: