Skip to content

छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के संकेत, 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

रायपुर । छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है, गुरुवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में हुई जोरदार बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई, पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है,मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब छत्तीसगढ़ की सीमा के करीब पहुंच चुका है,आगामी दो से तीन दिनों में अनुकूल परिस्थितियों के चलते राज्य के कुछ हिस्सों में मानसून आगे बढ़ सकता है, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के सक्रिय होते ही वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आएगी,हालिया वैज्ञानिक अध्ययनों में यह भी संकेत मिला है कि छत्तीसगढ़ में मानसून का स्वरूप धीरे-धीरे बदल रहा है। शोध के अनुसार राज्य में कुल वर्षा की मात्रा में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन बारिश का समय और उसका क्षेत्रीय वितरण पहले की तुलना में बदलता जा रहा है।



मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, खैरागढ़-छुईखदान, बेमेतरा, रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, राजनांदगांव और बालोद शामिल हैं।

वहीं प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है,राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है, शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है,मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है, मानसून की दस्तक के साथ प्रदेशभर में मौसम का रुख तेजी से बदलता नजर आ रहा है।

ख़बर शेयर करें: