कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड अंतर्गत कलगांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया, तालाब गहरीकरण कार्य में लगे ग्रामीण अचानक हुई बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे,इसी दौरान तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से डिप्टी सरपंच सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे मजदूर
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत तालाब गहरीकरण कार्य में जुटे हुए थे, शुक्रवार सुबह अचानक मौसम बदलने और तेज बारिश शुरू होने, पर कई मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे शरण लेने पहुंच गए,इसी दौरान आकाशीय बिजली सीधे उसी क्षेत्र में गिर गई,प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जमीन पर गिर पड़े। हादसे में कुल आठ लोग प्रभावित हुए, जिनमें डिप्टी सरपंच मनराज पटेल, संतोष पटेल और प्रकाश पटेल की मौत हो गई।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में झुलसी पांच महिलाओं को तत्काल अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है,चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं,अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, तथा प्रभावित परिवारों को शासन द्वारा निर्धारित राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बिजली गिरने से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
गरज-चमक और बारिश के दौरान खुले मैदानों में न रहें।
पेड़ों, बिजली के खंभों और जलाशयों के पास खड़े होने से बचें।
सुरक्षित पक्के भवन या वाहन में शरण लें।
धातु के औजारों और खुले विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखें।
वज्रपात की चपेट में आने वाले व्यक्ति को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएं।
नोट: मृतकों एवं घायलों की संख्या प्रशासन द्वारा उपलब्ध प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। जांच और चिकित्सकीय अपडेट के अनुसार आंकड़ों में बदलाव संभव है।




