गंडई/पंडरिया/ केसीजी । मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं, ग्राम साल्हेवारा खादी के विधायक प्रतिनिधि, समस्त उपार्जन केंद्र खैरागढ़ एवं युवा कांग्रेस के जिला महासचिव जयंत मानिकपुरी ने भाजपा पर लोकतंत्र विरोधी कार्यवाही करने का आरोप लगाया है,जयंत मानिकपुरी ने जारी बयान में कहा कि भाजपा के पास मध्यप्रदेश में तीसरी राज्यसभा सीट जीतने के लिए आवश्यक संख्या बल नहीं था, इसके बावजूद भाजपा ने तीसरा उम्मीदवार मैदान में उतारा और कथित रूप से सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द करवाया। उन्होंने इसे लोकतंत्र और जनादेश के खिलाफ बताया,मानिकपुरी ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

उनके अनुसार केवल एक दीवानी मुआवजे से संबंधित अदालती नोटिस था, जिसका जवाब उनके अधिवक्ताओं द्वारा पहले ही दिया जा चुका था,उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार इसे छिपाई गई जानकारी नहीं माना जा सकता, फिर भी रिटर्निंग ऑफिसर ने इसे आधार बनाकर नामांकन निरस्त कर दिया,कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा को लोकतांत्रिक मतदान की स्थिति में हार का डर था, उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था और मीनाक्षी नटराजन की जीत सुनिश्चित थी, इसी आशंका के चलते भाजपा ने कानूनी प्रक्रियाओं का सहारा लेकर अपने प्रत्याशी महेश केवट को निर्विरोध निर्वाचित कराने का रास्ता बनाया,जयंत मानिकपुरी ने कहा कि भाजपा सत्ता और सरकारी तंत्र के बल पर चुनावी सफलता हासिल कर सकती है, लेकिन जनता सब कुछ देख रही है, उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
रिपोर्टर: राशिद जमाल सिद्दीकी




