शब्दातीर डेस्क । विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है, औद्योगिक विकास की तेज रफ्तार के बीच छत्तीसगढ़ का रायगढ़ जिला आज एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां आर्थिक प्रगति और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है,रायगढ़ प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक जिलों में शामिल है,यहां संचालित उद्योग, खदानें और ऊर्जा परियोजनाएं क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही हैं, तथा रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही हैं, हालांकि विकास की इस दौड़ के साथ पर्यावरणीय चुनौतियां भी लगातार बढ़ रही हैं।


बढ़ता प्रदूषण बना चिंता का विषय
जिले के कई औद्योगिक क्षेत्रों में धूल-कणों और वायु प्रदूषण की समस्या आम होती जा रही है, इसका सीधा असर स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है, वहीं जिले की जीवनदायिनी केलो नदी सहित अन्य जल स्रोतों पर भी प्रदूषण का दबाव बढ़ा है, विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

विकास जरूरी, लेकिन पर्यावरण की कीमत पर नहीं
पर्यावरणविदों का कहना है कि विकास का विरोध नहीं किया जा सकता, लेकिन विकास ऐसा होना चाहिए,जो प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करे,औद्योगिक गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देकर ही सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।


हरियाली बचाने में नागरिकों की भूमिका अहम
रायगढ़ की पहचान केवल उद्योगों से नहीं, बल्कि उसकी हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य से भी जुड़ी हुई है,पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार या प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है,विशेषज्ञों का सुझाव है कि केवल औपचारिक पौधारोपण के बजाय स्थानीय जलवायु के अनुकूल वृक्षों का रोपण और उनकी नियमित देखभाल की जाए।

कचरा प्रबंधन और जल संरक्षण पर जोर
पर्यावरण संरक्षण के लिए कचरा प्रबंधन को भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, घरों और बाजारों से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण तथा प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाना समय की मांग है, इसके अलावा लगातार गिरते भूजल स्तर को देखते हुए वर्षा जल संचयन जैसी तकनीकों को व्यापक स्तर पर अपनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।


उद्योगों से बढ़ी अपेक्षाएं
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों का मानना है कि उद्योगों को अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड का उपयोग पर्यावरण सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण के कार्यों में अधिक प्रभावी ढंग से करना चाहिए, खदानों और औद्योगिक इकाइयों के आसपास ग्रीन बेल्ट विकसित कर धूल और प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सकता है, साथ ही आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों को अपनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।


नई पीढ़ी को बनाना होगा पर्यावरण प्रहरी
विशेषज्ञों के अनुसार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है, स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाकर स्थायी बदलाव की नींव रखी जा सकती है, पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने से ही व्यापक और सकारात्मक परिवर्तन संभव होगा।


“एक पेड़, एक जीवन” का संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पर यह संकल्प लेने की आवश्यकता है कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए, छोटे-छोटे प्रयासों से ही रायगढ़ की हरियाली, स्वच्छ हवा और प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित रखा जा सकता है,यही आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर और सबसे मूल्यवान उपहार होगा।
✍️
बी.एन. गुप्ता



