रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है, जहां एक ओर तेज गर्मी का असर बना हुआ है, वहीं बीच-बीच में हो रही हल्की बारिश से लोगों को राहत मिल रही है,मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि राज्य के एक-दो स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तीन दिनों बाद फिर बढ़ेगा तापमान
पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान में 1 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान स्थिर रहा,मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी फिर तेज हो जाएगी।

बारिश की गतिविधियों में आएगी कमी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 9 अप्रैल के बाद प्रदेश में मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने लगेंगी और मौसम शुष्क होने लगेगा।
कहां कितना तापमान और बारिश
राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है, राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा,मनोरा, कांसाबेल और जशपुरनगर में करीब 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
सक्रिय सिस्टम से बदला मौसम
मौसम में यह बदलाव एक सक्रिय सिनोप्टिक सिस्टम के कारण हो रहा है,समुद्र तल से करीब 0.9 किमी ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण और तेलंगाना से मन्नार की खाड़ी तक फैली द्रोणिका प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही है।
रायपुर में मौसम रहेगा साफ
राजधानी रायपुर में आज मौसम मुख्यतः साफ रहने के आसार हैं,यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है, जिससे दिन में गर्मी का असर महसूस होगा।
सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज हवाओं और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें,और सुरक्षित स्थान पर शरण लें, साथ ही बढ़ती गर्मी को देखते हुए,पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।




