अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र में राशन वितरण में लापरवाही को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा,रजपुरीकला सोसायटी में सैकड़ों हितग्राही बिना राशन लिए ही लौट गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई,जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण सुबह करीब 3 बजे से ही राशन लेने के लिए लाइन में लगे हुए थे, लेकिन देर रात तक भी उन्हें अनाज नहीं मिल पाया, इससे नाराज होकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सोसायटी संचालक का घेराव कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

बताया जा रहा है कि करीब 250 से 300 हितग्राहियों को मार्च और अप्रैल माह का राशन नहीं मिल सका, मौके पर पुलिस पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया गया, जिसके बाद मामला शांत हुआ,ग्रामीणों का आरोप है कि तहसीलदार और फूड इंस्पेक्टर के मौके पर नहीं पहुंचने से उनका आक्रोश और बढ़ गया, वहीं सोसायटी संचालक ने राशन आवंटन में देरी और अपनी लापरवाही को स्वीकार किया है।

प्रशासन की ओर से आज सुबह समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई और आगे की व्यवस्था पर टिकी हुई है।




