Skip to content

कोरबा में गैस वितरण व्यवस्था पर सख्ती: ब्लैक मार्केटिंग पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

कोरबा । जिले में घरेलू रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है,इसी क्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में गैस वितरक एजेंसियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई,बैठक में वितरण व्यवस्था, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई,कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना है,उन्होंने एजेंसियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर गैस बेचने की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन, संबंधित तहसीलदार और थाना प्रभारी को सूचित किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सभी गैस एजेंसियों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही बाहरी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बाहर की ओर भी कैमरे लगाने और चौकीदार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है,गैस वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिलेंडर की डिलीवरी ‘फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व’ के आधार पर और बुकिंग तिथि के अनुसार ही की जाए, प्रत्येक डिलीवरी ओटीपी ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ही की जाएगी,और बिना ओटीपी के किसी भी स्थिति में सिलेंडर नहीं दिया जाएगा, साथ ही उपभोक्ताओं को 25 दिनों से पहले दोबारा सिलेंडर जारी नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



कलेक्टर ने एजेंसियों को पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और आपसी समन्वय से एलपीजी सिलेंडर का सुचारू भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके अलावा एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य विभाग को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी गैस एजेंसियां अपने परिसर में बैनर के माध्यम से तहसीलदार, थाना प्रभारी और जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करें, ताकि जरूरत पड़ने पर आमजन आसानी से संपर्क कर सकें,जिले में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति से संबंधित आवश्यक वस्तुओं की निगरानी के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है,आम नागरिक 9691901259 नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत, सुझाव या जानकारी दर्ज करा सकते हैं,नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी,बैठक में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर सहित इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें: