रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है और राज्य के कई हिस्सों में लू (हीट वेव) का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है,मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में अगले 48 घंटों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है,तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है,राजनांदगांव में सोमवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय प्रदेश में सबसे अधिक है, वहीं राजधानी रायपुर में भी तापमान 43 डिग्री के आसपास बना रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है,मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल भीषण गर्मी से तुरंत राहत मिलने के संकेत नहीं हैं, हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की हल्की गिरावट हो सकती है, लेकिन लू का असर कुछ समय तक जारी रहेगा।

सोमवार शाम बिलासपुर और मुंगेली जिलों में मौसम ने करवट ली, जहां तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, इससे स्थानीय लोगों को अस्थायी राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं,मौसम में यह बदलाव उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल तक सक्रिय ट्रफ लाइन के कारण हो रहा है, जिसका असर छत्तीसगढ़ सहित आसपास के राज्यों में देखने को मिल रहा है,मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका है, साथ ही रात के समय भी अधिक गर्मी यानी “वार्म नाइट” जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिलेगी,विशेषज्ञों के अनुसार, जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाए या सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा बढ़ जाए, तो उसे हीट वेव माना जाता है, वहीं 45 डिग्री के पार जाने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है।

बचाव के लिए जरूरी सलाह:
दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें
अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें
धूप में निकलते समय सिर और शरीर को ढककर रखें
बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें
मौसम विभाग ने लोगों से अगले 48 घंटों तक विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है,हालांकि सप्ताह के अंत तक मौसम में कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।




