Skip to content

सुशासन तिहार-2026: गाड़ाघाट शिविर में उमड़ा जनविश्वास, 1428 आवेदन प्राप्त, 82 हितग्राही लाभान्वित

खैरागढ़। सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत जिले में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच बनते जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत खैरागढ़ के ग्राम गाड़ाघाट में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जहां विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 1428 आवेदन प्राप्त हुए, इनमें 1399 आवेदन विभिन्न मांगों से संबंधित रहे, जबकि 29 आवेदन शिकायतों के रूप में दर्ज किए गए,प्राप्त आवेदनों में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, शौचालय निर्माण, आय, जाति  तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं और मांगें प्रमुख रूप से सामने आईं, प्रशासन द्वारा सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



शिविर का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया, इस दौरान लगाए गए,विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मौके पर ही कई मामलों की जानकारी ली, और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कलेक्टर  इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने स्वयं शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके,शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही हो, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और योजनाओं का लाभ सरलता से मिल सके, उन्होंने सुशासन तिहार को जनहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।



शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कुल 82 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। क्षेत्र के विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 52  विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया, इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 4 हितग्राहियों को उनके पक्के आवास की चाबी सौंपकर सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया, मनरेगा के अंतर्गत 4 हितग्राहियों को जॉब कार्ड प्रदान कर उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने की पहल की गई,महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई, वहीं 4 शिशुवती माताओं को सुपोषण किट प्रदान कर पोषण स्तर में सुधार की दिशा में प्रयास किए गए। साथ ही 7 छात्राओं को स्वच्छता किट वितरित कर उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया।



कृषि एवं आजीविका संवर्धन के तहत 3 किसानों को मूंग बीज उपलब्ध कराए गए, जिससे उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी,उद्यानिकी विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट प्रदान कर पोषण बाड़ी को बढ़ावा दिया गया, इसके अलावा मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने हेतु 2 हितग्राहियों को मछली जाल प्रदान किए गए,तथा श्रम विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को श्रमिक पंजीयन कार्ड जारी किए गए, जिससे वे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ सकेंगे,इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति  दिनेश वर्मा, अरुणा सिंह बनाफर, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष जयश्री त्रिपाठी, उपाध्यक्ष लखन साहू, जनपद सदस्यगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे,साथ ही जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम  टंकेश्वर प्रसाद साहू, जनपद पंचायत सीईओ  हिमांशु गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर राशिद जमाल सिद्दीकी

ख़बर शेयर करें: