रायगढ़। बड़े रामपुर स्थित गोकुल धाम कॉलोनी के सामने वार्ड क्रमांक 8 के रहवासियों ने भूमि विवाद को लेकर एक संयुक्त लिखित बयान जारी करते हुए,अपनी स्थिति स्पष्ट की है, रहवासियों ने कहा है कि उन्होंने संबंधित भूमि को अशोक अग्रवाल से विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत खरीदा है, और वर्तमान में वे वहां मकान निर्माण कर वैध रूप से निवास कर रहे हैं।
रहवासियों के अनुसार, अशोक अग्रवाल पिछले 8–9 वर्षों से आवश्यकतानुसार उक्त भूमि का नियमित और वैध रूप से विक्रय करते आ रहे हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व अशोक अग्रवाल की भूमि के पीछे स्थित नजूल भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।

जारी बयान में यह भी कहा गया है कि नजूल भूमि तक पहुंच बनाने के उद्देश्य से कुछ लोगों ने रहवासियों को बरगलाकर अशोक अग्रवाल के खिलाफ मीडिया में झूठे आरोप लगवाए, ताकि दबाव बनाकर वे अपनी जमीन से रास्ता देने को मजबूर हो जाएं।
रहवासियों ने स्पष्ट किया कि भूखंड खरीदते समय उन्हें सड़क या नाली निर्माण का कोई आश्वासन नहीं दिया गया था, भूमि को “जैसी है” स्थिति में दिखाकर बेचा गया था, जिसे उन्होंने पूरी जानकारी के साथ स्वीकार कर खरीदा है।
इसके साथ ही रहवासियों ने यह भी कहा कि पूर्व में उनके नाम से मीडिया में प्रकाशित या प्रसारित बयान भ्रामक और असत्य थे, जिनका वे अब पूर्ण रूप से खंडन करते हैं,उन्होंने यह नया बयान स्वेच्छा से, बिना किसी दबाव या प्रलोभन के, तथ्यों के आधार पर जारी करने की बात कही है।




