बिलासपुर। शहर में एक शादी उस वक्त चर्चा का विषय बन गई, जब दूल्हे की एक लापरवाही ने पूरे समारोह की खुशियों पर पानी फेर दिया,परिवारों ने बड़े अरमानों के साथ शादी की तैयारियां की थीं और हल्दी से लेकर बारात तक हर रस्म धूमधाम से निभाई जा रही थी, डीजे की धुन पर नाचते-गाते बाराती जब दुल्हन के घर पहुंचे तो माहौल पूरी तरह उत्सव में डूबा हुआ था, लेकिन यह खुशी ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी।
बताया जा रहा है कि जैसे ही दूल्हा कार से उतरा, वह शराब के नशे में बुरी तरह लड़खड़ाने लगा, उसकी हालत देखकर लड़की पक्ष के लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में माहौल बदल गया, स्वागत की तैयारियां रोक दी गईं और दुल्हन को भी इसकी जानकारी दे दी गई।

दूल्हे की नशे की हालत का पता चलते ही दुल्हन ने साहसिक फैसला लेते हुए, शादी से साफ इनकार कर दिया,उसने नशे में धुत व्यक्ति के साथ सात फेरे लेने से मना कर दिया, जिससे मौके पर हंगामा खड़ा हो गया,और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख समाज के प्रमुखों और दोनों पक्षों के परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, आखिरकार बिना शादी के ही बारात को वापस लौटना पड़ा,यह घटना जहां शराब के नशे के दुष्परिणाम को उजागर करती है, वहीं दुल्हन के साहसिक फैसले की भी क्षेत्र में सराहना हो रही है।




