रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है,मोवा पंडरी इलाके में एक ही परिवार के भीतर हुए खूनी विवाद ने दो युवतियों की जान ले ली,आरोपी जीजा ने अपनी ही दो सालियों पर लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी,बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है।

किसी आपसी विवाद को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी बाउंसर जितेंद्र वर्मा ने आपा खो दिया और अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर दोनों युवतियों पर गोली चला दी,गोली लगते ही एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया,स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी जितेंद्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया, पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) को भी मौके पर बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है,और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है,इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।




