भाटापारा /बलौदाबाजार। जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुल गई,जब कलेक्टर कुलदीप शर्मा औचक निरीक्षण पर भाटापारा पहुंचे, सिविल अस्पताल से लेकर कृषि उपज मंडी तक अव्यवस्थाओं का ऐसा हाल देखने को मिला कि कलेक्टर को मौके पर ही सख्त रुख अपनाना पड़ा।

अस्पताल में लापरवाही पर जताई नाराजगी
सिविल अस्पताल के निरीक्षण के दौरान लैब की बदहाल स्थिति देखकर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई,उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अस्पताल के बाहर प्राइवेट लैब संचालित की जा रही है, कर्मचारियों से स्पष्ट जवाब मांगा गया, लेकिन स्थिति खुद ही बहुत कुछ बयां कर रही थी,बीएमओ को फटकार लगाते हुए, कलेक्टर ने साफ कहा कि व्यवस्थाओं को सुधारना उनकी जिम्मेदारी है, इस दौरान उन्होंने महिला मरीजों से बातचीत कर जमीनी स्थिति की भी जानकारी ली।

मंडी में किसानों का छलका दर्द
निरीक्षण के बाद कलेक्टर कृषि उपज मंडी पहुंचे, जहां किसानों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं,किसानों ने बताया कि उन्हें फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है,और दलालों के भरोसे ही सौदा करना पड़ता है,दूर-दराज से आने की मजबूरी में उन्हें कम कीमत पर फसल बेचनी पड़ती है,मंडी सचिव से लाइसेंसधारी एजेंटों की जानकारी मांगी गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए,पेयजल और छांव जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भी सचिव गोलमोल जवाब देते नजर आए।

बंद पड़ा पानी का फ्रिजर, कलेक्टर भड़के
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर की नजर बंद पड़े शीतल पेयजल फ्रिजर पर पड़ी, जहां नल बंद था,और बोरे रखे हुए थे,इस लापरवाही पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए, एसडीएम को मंडी सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

पहले भी मिल चुकी हैं खामियां
गौरतलब है कि 12 मार्च को हुए पिछले निरीक्षण में भी राजस्व विभाग और सिविल अस्पताल में भारी अव्यवस्थाएं सामने आई थीं, कर्मचारियों के मुख्यालय में न रहने और अप-डाउन करने की बात सामने आई थी, सुधार के दावे किए गए थे, लेकिन एक महीने बाद भी स्थिति में खास बदलाव नहीं दिखा।

सुधार का आश्वासन, लेकिन सवाल बरकरार
मीडिया से चर्चा में कलेक्टर ने अस्पताल की अव्यवस्था स्वीकार करते हुए जल्द सुधार का भरोसा दिलाया,साथ ही महिला विशेषज्ञ डॉक्टर की कमी को भी जल्द दूर करने की बात कही अब बड़ा सवाल यही है कि क्या ये औचक निरीक्षण वास्तव में व्यवस्था सुधारने में कारगर साबित होंगे या फिर केवल कागजी प्रक्रिया बनकर रह जाएंगे?




