जगदलपुर। बस्तर की धरती पर आज उत्साह, गर्व और उमंग का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला, जब भारत रत्न से सम्मानित और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर का जगदलपुर आगमन हुआ,उनके पहुंचते ही पूरा माहौल ‘सचिन-सचिन’ के नारों से गूंज उठा और एयरपोर्ट परिसर में मौजूद लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट, जगदलपुर में उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया, बस्तर संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया, और बस्तर आगमन पर खुशी जाहिर की इस दौरान कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, एसडीएम ऋषिकेश तिवारी और विपिन दुबे सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

सचिन तेंदुलकर के स्वागत को लेकर आमजन में भी खासा उत्साह देखने को मिला, बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट पहुंचे और इस ऐतिहासिक पल को अपने कैमरों में कैद किया, बस्तर में पहली बार इतने बड़े खेल सितारे के आगमन से क्षेत्र को नई पहचान और सकारात्मक ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस दौरान एक खास पल तब देखने को मिला जब स्थानीय लोगों और युवा खिलाड़ियों के साथ मिलकर सचिन तेंदुलकर ने अपना जन्मदिन (24 अप्रैल) पूर्व संध्या पर ही केक काटकर मनाया,अपने आदर्श को करीब से पाकर युवा खिलाड़ियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
सचिन तेंदुलकर के इस दौरे को बस्तर के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, जो न सिर्फ खेल के क्षेत्र में नई प्रेरणा देगा बल्कि क्षेत्र की पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करेगा।




