नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है,भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 5 जून के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, विभाग के अनुसार खराब मौसम के कारण यातायात, जनजीवन और बाहरी गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं, हालांकि लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 5 जून को एनसीआर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, सुबह, पूर्वाह्न और रात के समय बिजली गिरने, आंधी-तूफान और हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है।

आईएमडी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने और यातायात बाधित होने जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

वहीं 6 जून को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा,इस दिन गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है,अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, हालांकि इस दिन के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।


मौसम विभाग के अनुसार 7 जून से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा, इस दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा तथा अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, 8 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

इसके बाद 9 और 10 जून को भी मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है, दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, इन दिनों के लिए कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि 5 जून को आंधी, तेज हवाओं और बारिश के कारण लोगों को अस्थायी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलेगी, विभाग ने नागरिकों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।




