Skip to content

मानसून की दस्तक के साथ बदलेगा मौसम: कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट

नई दिल्ली। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने का दौर शुरू हो गया है,भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार केरल और तमिलनाडु में आज किसी भी समय मानसून दस्तक दे सकता है, इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र तथा दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है,मौसम विभाग ने राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में धूल भरी आंधी के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है, वहीं केरल, कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है,बारिश के चलते कई राज्यों में तापमान में गिरावट आएगी,और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है,आईएमडी के अनुसार अगले 5 से 7 दिनों के दौरान केरल के विभिन्न हिस्सों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की जा सकती है, लगातार बारिश को देखते हुए, राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव, नदियों के जलस्तर में वृद्धि तथा भूस्खलन की आशंका भी जताई है।



दिल्ली-एनसीआर में मिलेगी गर्मी से राहत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है,अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है,आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे, तथा शाम और रात के समय 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, धूल भरी आंधी आने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम सुहावना बना रहेगा,हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।



बिहार में जारी रहेगी लू और उमस

दूसरी ओर बिहार के लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं,मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई जिलों में सप्ताह के अंत तक भीषण लू चल सकती है, उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में बादल छाने की संभावना बनी हुई है, वही मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

ख़बर शेयर करें: