रायगढ़। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हाईवे और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष अभियान के तहत नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में 21 मई 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान गेरवानी–पूंजीपथरा मार्ग पर भारी वाहनों के खिलाफ रिकॉर्ड चालानी कार्रवाई की गई, इसके अलावा शहर के विभिन्न मार्गों पर ओवर स्पीड, खतरनाक ड्राइविंग, नो पार्किंग, बिना हेल्मेट, तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट और रजिस्ट्रेशन नंबर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 120 प्रकरण दर्ज कर वाहन चालकों से ₹1,51,700 की चालानी राशि वसूली गई,रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी,पुलिस के अनुसार हाल ही में पुसौर थाना क्षेत्र में हुए दो गंभीर सड़क हादसों में आरोपित वाहन चालकों के विरुद्ध आपराधिक मानव वध की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है,इससे साफ संकेत दिया गया है कि लापरवाही से वाहन चलाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क पर लापरवाही किसी भी परिवार के लिए बड़ी त्रासदी बन सकती है। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी सीधे लोगों की जिंदगी को खतरे में डालती है, उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार वाहन चालक बनने की अपील की।




