रायपुर। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है,सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल रहा है, जबकि दोपहर होते-होते सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं, मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए हीट वेव अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है,प्रदेश में सबसे अधिक तापमान धमतरी में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, इसके अलावा बेमेतरा में 45.4 डिग्री, बालोद और कवर्धा में 44.7 डिग्री तथा बिलासपुर में 44.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया,राजधानी रायपुर में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया, जहां तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया,तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है।

गर्मी से बचने के लिए लोग घरों में रहने को मजबूर हैं,वहीं ठंडे पेय पदार्थों, पानी और शीतल खाद्य सामग्री की मांग बढ़ गई है,मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तापमान ऊंचा बने रहने की संभावना जताई है। विभाग ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है,दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है,स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों को लू से बचने के लिए सतर्क रहने, बाहर निकलते समय सिर ढंकने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी है।




