रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून सामान्य समय से पहले दस्तक दे सकता है,मौसम विभाग के ताजा संकेतों के अनुसार प्रदेश में 7 से 10 जून के बीच मानसून पहुंचने, की संभावना जताई जा रही है, इससे भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
केरल पहुंचने के बाद तेज होगी मानसून की रफ्तार
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई तक केरल पहुंच सकता है, इसके बाद यदि मौसम की परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो मानसून तय समय से पहले छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है, सामान्य तौर पर प्रदेश में मानसून मध्य जून तक पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके जल्दी आने के संकेत मिल रहे हैं।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम का असर
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण वातावरण में नमी लगातार बढ़ रही है, इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है, विशेषज्ञों का मानना है कि मई के अंतिम सप्ताह से प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

कई जिलों में बदलेगा मौसम का मिजाज
रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है,वहीं कुछ स्थानों पर तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
किसानों के लिए राहत भरी खबर
मानसून के जल्दी आने की संभावना किसानों के लिए सकारात्मक मानी जा रही है,समय पर बारिश होने से खरीफ फसलों की तैयारी जल्दी शुरू हो सकेगी,और कृषि कार्यों में तेजी आएगी,कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि जून के पहले पखवाड़े में अच्छी बारिश होने पर फसल उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से बदलते मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है, आंधी, बिजली गिरने और तेज बारिश के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है, साथ ही किसानों को नियमित मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके।




