कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने नकली नोटों के बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है,आरोपी के पास से करीब साढ़े 6 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं, पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि युवक ने अपने घर में ही प्रिंटर और अन्य उपकरणों की मदद से फर्जी नोट छापे थे।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है,जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि नए बस स्टैंड इलाके में एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है,सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची,और युवक को हिरासत में लेकर उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई, लेकिन जांच में सभी नोट नकली पाए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और उस पर लाखों रुपये का कर्ज हो गया था,आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने घर में ही नकली नोट छापने की योजना बनाई। इसके लिए उसने प्रिंटर और जरूरी सामग्री जुटाकर फर्जी नोट तैयार किए,आरोपी इन नकली नोटों को बाजार में खपाने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी ने नकली नोट तैयार करने की तकनीक आखिर कहां से सीखी,पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है, आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।

इस संबंध में निखिल राखेचा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितने नकली नोट बाजार में खपाए जा चुके हैं और इस पूरे गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जल्द ही मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




