गंडई पंडरिया केसीजी । सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत छुईखदान विकासखंड के ग्राम मानपुरपहाड़ी में आयोजित जनसमस्या समाधान शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा, शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी मांगें, शिकायतें एवं समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं,विभिन्न विभागों से कुल 681 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 669 आवेदन मांगों एवं 12 आवेदन शिकायतों से संबंधित रहे,शिविर के दौरान 89 हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया,इसके पश्चात विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की प्रगति एवं हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी ली गई, कई मामलों में अधिकारियों द्वारा मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए,ग्रामीणों ने समाधान शिविर को प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताते हुए, कहा कि अब उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, जनप्रतिनिधियों ने भी कहा कि सुशासन तिहार शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम साबित हो रहा है,शिविर परिसर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, खाद्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं श्रम विभाग सहित कई विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

प्राप्त आवेदनों में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, भूमि पट्टा, शौचालय निर्माण एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रमुख रहे। प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं,हितग्राहियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र एवं सामग्री
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को सामग्री, प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति आदेश वितरित किए गए, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 15 हितग्राहियों को सांकेतिक चाबी एवं 14 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए। वहीं बिहान समूहों को बैंक ऋण सुविधा से भी जोड़ा गया,महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 6 सुपोषण किट तथा 20 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरित की गई। शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक उपलब्धि प्राप्त करने वाले 10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया,कृषि विभाग ने 2 हितग्राहियों को हरित खाद, मत्स्य विभाग ने 5 हितग्राहियों को मछली पकड़ने का जाल तथा उद्यानिकी विभाग ने 5 किसानों को सब्जी मिनी किट उपलब्ध कराई,खाद्य विभाग द्वारा 7 पात्र परिवारों को नवीन राशन कार्ड भी वितरित किए गए।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही सक्रिय सहभागिता
शिविर में जनपद पंचायत छुईखदान की अध्यक्ष पुष्पा प्रकाश वर्मा, उपाध्यक्ष राजू जंघेल, जनपद सदस्य कांशीराम पोर्ते, प्रेमलाल साहू एवं संगीता अंजू जंघेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे,इसके अलावा महिला एवं बाल विकास सभापति ज्योति जंघेल, वरिष्ठ नागरिक आनंद पटेल, युवराज पटेल, अनुज साहू, जय प्रकाश मशखरे, ललिता मानिकपुरी एवं इंद्राणी वर्मा ने भी शिविर में सहभागिता निभाई,इस अवसर पर एसडीएम अविनाश ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ केशवरी देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

खैरागढ़ और गंडई में भी आयोजित हुए समाधान शिविर
सुशासन तिहार के अंतर्गत नगरपालिका परिषद खैरागढ़ के सांस्कृतिक भवन तथा नगर पंचायत गंडई के पीएम श्री स्कूल में भी समाधान शिविर लगाए गए, इन शिविरों में नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें दर्ज कराईं। विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया पूरी की नगर एवं पंचायत क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में स्वास्थ्य, राजस्व, खाद्य, सामाजिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं पंचायत विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। प्राप्त आवेदनों में कई मामलों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को समय-सीमा में निराकरण हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया।
रिपोर्टर राशीद जमाल सिद्दीकी




