सूरजपुर। जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, यहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की लोढ़ा (मसाला पीसने का पत्थर) से हमला कर हत्या कर दी,बताया जा रहा है कि पिता की मौत के बाद मिले मुआवजे की रकम को लेकर मां-बेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था,मामला लटोरी चौकी क्षेत्र के ग्राम गजाधरपुर का है,जानकारी के अनुसार डिगम्बर चेरवा अपनी 50 वर्षीय मां फलेन बाई के साथ रहता था, आरोपी अपने पिता की कुएं में गिरकर हुई मौत के बाद मिले मुआवजे की राशि में हिस्सा मांगता था, लेकिन उसकी मां रकम देने से इंकार करती थी,इसी बात को लेकर वह अक्सर नाराज रहता था।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी डिगम्बर ने अपनी मां से खाना मांगा, इस पर मां ने उसे खुद खाना निकालकर खाने की बात कही,मां की यह बात आरोपी को नागवार गुजरी और गुस्से में उसने पास में रखे लोढ़ा से मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया,हमले में गंभीर रूप से घायल फलेन बाई को इलाज के लिए अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई,घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी पुत्र डिगम्बर चेरवा को गिरफ्तार कर लिया, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।




