रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे लोगों को राहत महसूस हो रही है, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल से 14 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है,हालांकि इसके बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है,प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया।

जबकि सबसे कम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा में रिकॉर्ड किया गया,मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को उमस और तपिश से राहत मिली है, कई जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं,मौसम विभाग द्वारा जारी ग्राफिकल पूर्वानुमान के मुताबिक सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर, बस्तर और आसपास के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है,विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम तंत्र की सक्रियता के चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।




