कांकेर। कांकेर से मानव तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। नौकरी दिलाने के नाम पर छत्तीसगढ़ की करीब 35 युवतियों को झारखण्ड ले जाकर बंधक बनाए जाने की जानकारी मिली है, इनमें दुर्गूकोंदल क्षेत्र की कई युवतियां भी शामिल बताई जा रही हैं,मामले का खुलासा तब हुआ, जब दुर्गूकोंदल की एक युवती ने अपने गांव के एक युवक को गुप्त रूप से मदद मांगते हुए मैसेज भेजा,युवती ने बताया कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर झारखंड ले जाया गया, और वहां जबरन रोककर काम कराया जा रहा है,सोशल मीडिया पर युवतियों के वीडियो और मैसेज वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया,मामले की गंभीरता को देखते हुए,सामाजिक कार्यकर्ता ललित नरेटी ने पहल करते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार, झारखंड के गढ़वा प्रशासन और पुलिस से संपर्क किया गया है, गढ़वा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच और युवतियों की तलाश शुरू कर दी है,सूत्रों के मुताबिक कई युवतियों से जबरन मजदूरी और काम कराया जा रहा था,इधर कांकेर कलेक्टर ने कहा है कि मामले की जानकारी प्रशासन को मिल चुकी है, संपर्क स्थापित होते ही छत्तीसगढ़ से विशेष टीम झारखंड भेजी जाएगी,इस घटना के बाद ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में सक्रिय मानव तस्करी गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है,वहीं परिजन अपनी बेटियों की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं।




