रायगढ़। जिले में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन अंकुश” के तहत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साइबर थाना, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई करते हुए, आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया, पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब ढाई लाख रुपये कीमत के 7 मोबाइल फोन और 15,490 रुपये नगद बरामद किए हैं,इस कार्रवाई का नेतृत्व एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया।

शहर में दो सटोरिये गिरफ्तार
कोतवाली क्षेत्र के नयागंज कोष्टापारा में खादी ग्राम भंडार के पास दबिश देकर पुलिस ने सोनू देवांगन (21) को गिरफ्तार किया, वह मोबाइल के जरिए आईपीएल टीमों पर हार-जीत का ऑनलाइन सट्टा चला रहा था, उसके मोबाइल से मैच से जुड़े स्क्रीनशॉट और डिजिटल ट्रांजेक्शन के साक्ष्य मिले,वहीं गद्दी चौक स्थित ए-वन कैफे में संचालक हर्षित देवांगन (24) को भी ऑनलाइन सट्टा संचालित करते रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके पास से दो मोबाइल जब्त किए गए हैं।

घरघोड़ा क्षेत्र में 4 आरोपी दबोचे
घरघोड़ा पुलिस ने गोयल ट्रेडिंग दुकान में दबिश देकर भरत गोयल (22) को गिरफ्तार किया, जो मैच के दौरान हर गेंद पर सट्टा लगवा रहा था,इसके अलावा जय स्तंभ चौक के पास पुलिस ने गौतम भोजवानी (26), लक्ष्मीनारायण सिदार (28) और सागर गुप्ता (27) को सट्टा खेलाते पकड़ा,आरोपियों से 4 मोबाइल और 15,490 रुपये नगद बरामद किए गए।
इन धाराओं में कार्रवाई
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4, 7 और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, पूछताछ में सट्टा नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी भी मिली है, जिनकी तलाश जारी है।

एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि
“ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और अवैध जुए के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है,आईपीएल की आड़ में सट्टेबाजी करने वालों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, आमजन ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”
कुल बरामदगी
7 मोबाइल फोन (कीमत करीब ₹2.5 लाख)
नगद ₹15,490
इस संयुक्त कार्रवाई में साइबर थाना, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही, पुलिस अब पूरे सट्टा नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है।




