रायगढ़।रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, महिला संबंधी अपराधों को लेकर रायगढ़ पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई एक बार फिर सामने आई है,पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय पीड़िता ने 22 अप्रैल 2026 को थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी, पीड़िता ने आरोप लगाया कि ग्राम सराईडीपा निवासी 22 वर्षीय आरोपी पृथ्वीराज चौहान के साथ उसका करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध था, इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर पहली बार शारीरिक संबंध बनाया और फिर लगातार विवाह का भरोसा दिलाकर उसका शोषण करता रहा।

पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी को अपनी गर्भावस्था की जानकारी दी, और विवाह के लिए कहा, तो आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया,बार-बार आग्रह के बावजूद आरोपी के मुकरने पर पीड़िता ने परिजनों से सलाह लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई,मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में महिला विवेचक द्वारा तत्काल एफआईआर दर्ज की गई और आरोपी की तलाश शुरू की गई, पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया,मामले की विवेचना जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश:
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधों में त्वरित, संवेदनशील और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने पीड़ित महिलाओं से बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की अपील की है।




