रायगढ़। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 31 की महिला पार्षद त्रिनिशा चौहान और उनके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद शहर में राजनीतिक और सामाजिक तनाव का माहौल बन गया, घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जब पार्षद अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह से लौट रही थीं,मिली जानकारी के अनुसार, समलेश्वरी मंदिर रोड पर एक धुमाल पार्टी का वाहन सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़ा था, रास्ता देने की बात को लेकर पार्षद पक्ष और कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया,आरोप है कि धुमाल पार्टी से जुड़े लोगों और उनके साथियों ने पार्षद और उनके परिजनों के साथ हाथापाई की।

घटना के बाद पार्षद त्रिनिशा चौहान ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया,हालांकि, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और मामूली धाराओं में मामला दर्ज किए जाने से असंतुष्ट होकर भाजपा पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया,बुधवार को महापौर जीवर्धन चौहान, निगम सभापति डिग्रीलाल साहू सहित भाजपा के सभी पार्षद नगर निगम से पैदल मार्च करते हुए,सिटी कोतवाली पहुंचे,और थाने के सामने धरने पर बैठ गए, काफी देर तक कोई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे आक्रोशित पार्षदों ने थाने के भीतर घुसकर नारेबाजी शुरू कर दी, प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के दबाव में आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में कार्रवाई जारी है, और शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी, इसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ,महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि जब एक महिला जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है, उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस केवल औपचारिक कार्रवाई कर रही है।
वहीं, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है,और कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है,उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष धाराओं को लेकर असंतुष्ट है, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकतानुसार धाराएं बढ़ाई जाएंगी। साथ ही, दोनों पक्षों को समझाइश भी दी गई है,घटना को लेकर देर तक सिटी कोतवाली के बाहर हंगामे की स्थिति बनी रही, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल देखा गया।




