खैरागढ़/छुईखदान/गंडई । पुलिस अधीक्षक की गरिमामयी उपस्थिति और मार्गदर्शन में अप्रैल माह के द्वितीय थाना दिवस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया,इस दौरान जिले के सभी थानों एवं चौकियों में थाना दिवस आयोजित कर आमजन, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, ग्राम प्रमुखों, कोटवारों तथा विभिन्न शासकीय कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों को आमंत्रित कर उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों पर खुली चर्चा की गई,थाना दिवस के अवसर पर विशेष रूप से दूरस्थ एवं पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के थानों में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया, जिससे आम नागरिकों के चेहरों पर संतोष और खुशी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

पुलिस अधीक्षक द्वारा छुईखदान में उपस्थित होकर आमजन की समस्याएं सुनी गईं और उनका तत्काल समाधान किया गया, साथ ही साइबर फ्रॉड, नए आपराधिक कानून, महिला एवं बाल सुरक्षा, तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई, साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को गांवों और वार्डों में साइबर एवं यातायात जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की सलाह दी गई, साथ ही संदिग्ध कॉल या धोखाधड़ी के प्रयासों की जानकारी ‘चक्षु’ पोर्टल पर देने की भी अपील की गई।

थाना दिवस के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम द्वारा गंडई एवं मोहगांव, उप पुलिस अधीक्षक प्रदीप येरेवार द्वारा गातापार, एसडीओपी मानक राम कश्यप द्वारा जालबांधा चौकी, डीएसपी रमेश चंद्रा द्वारा बकरकट्टा एवं सल्हेवारा तथा एसडीओपी आशारानी द्वारा ठेलकाडीह थाना में पहुंचकर समस्याओं का निराकरण किया गया।

कार्यक्रम में प्राप्त प्रमुख शिकायतों में अवैध शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, नशीले पदार्थों का उपयोग, शराब पीकर वाहन चलाना, साइबर अपराध, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, शैक्षणिक संस्थानों के बाहर धूम्रपान और आवारा मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाएं शामिल रहीं, इन सभी शिकायतों पर संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में शराबखोरी, नशेबाजी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, थाना दिवस का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच संबंधों को मजबूत बनाना, समस्याओं का शीघ्र समाधान करना और जागरूकता बढ़ाना है, यह कार्यक्रम प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय गुरुवार को आयोजित किया जाएगा,जिला पुलिस के इस नवाचार की आम नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।
रिपोर्टर: राशिद जमाल सिद्दीकी




