रायपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन लेने की प्रक्रिया अब पूरी तरह बदलने वाली है,ओड़िशा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी “अनाज एटीएम” (ऑल टाइम ग्रेन मशीन) शुरू करने की तैयारी है,इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद हितग्राहियों को राशन दुकान पर जाने और लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी,नई प्रणाली के तहत लाभार्थी बायोमेट्रिक आधार से जुड़ी मशीनों के जरिए 24 घंटे कभी भी अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे, इससे न केवल सुविधा बढ़ेगी, बल्कि पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी,सरकार को यह जानकारी भी रियल टाइम में मिलती रहेगी कि किस व्यक्ति ने कितना राशन लिया है।

इस योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े हितग्राहियों को विशेष कार्ड जारी किया जाएगा। इस कार्ड के माध्यम से चावल, चना, शक्कर जैसे आवश्यक खाद्यान्न सीधे मशीन से प्राप्त किए जा सकेंगे।

जानकारी के अनुसार, सरगुजा जिले में इस योजना से लगभग 2 लाख 48 हजार 385 ग्रामीण और 53 हजार शहरी हितग्राहियों को सीधा लाभ मिलेगा, हालांकि इसकी शुरुआत पहले रायपुर शहर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जाएगी, जिसके बाद धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में इसे लागू किया जाएगा,प्रारंभिक चरण में इस सुविधा को शहरी क्षेत्रों में शुरू करने की योजना है,नई व्यवस्था को लेकर जहां पीडीएस दुकानदारों में विरोध देखा जा रहा है, वहीं हितग्राहियों में इसे लेकर खासा उत्साह है, लोगों का मानना है कि इस तकनीक से जहां सुविधा बढ़ेगी, वहीं कालाबाजारी और गड़बड़ी पर भी रोक लगेगी।




