जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, अस्ता थाना क्षेत्र के धरधरी गांव स्थित प्राचीन बम्हनी माता मंदिर में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ कर माता की प्रतिमा को खंडित कर दिया, वहीं मंदिर परिसर में लगे धार्मिक झंडों को भी आग के हवाले कर दिया,बताया जा रहा है कि रविवार रात हुई इस घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब स्थानीय श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, मंदिर की स्थिति देखकर लोग स्तब्ध रह गए और क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया, नियमित रूप से पूजा करने वाली महिलाएं इस घटना से गहरे आहत हुईं, कई महिलाएं भावुक होकर रो पड़ीं।

घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए एसपी को लिखित शिकायत सौंपी है।

वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जशपुर एसडीओपी सहित अस्ता थाना पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया है, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है,और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है,इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।




