ट्रेन में किन्नर बनकर यात्रियों से वसूली करने वाली 7 महिलाएं गिरफ्तार, राजनांदगांव रेलवे पुलिस की कार्रवाई

राजनांदगांव। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, इसी कड़ी में राजनांदगांव में एक अहम कार्रवाई करते हुए ट्रेन में किन्नर बनकर यात्रियों से जबरन वसूली करने वाली 7 महिलाओं को पकड़ा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे हेल्पलाइन 139 (रेल मदद) के माध्यम से मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना प्राप्त हुई थी कि ट्रेन संख्या 22846 में कुछ लोग किन्नर बनकर यात्रियों से पैसे मांग रहे हैं,और उन्हें परेशान कर रहे हैं, सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपचंद आर्य के मार्गदर्शन में तथा निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में RPF टीम ने संबंधित कोचों में जांच की जांच के दौरान यह पाया गया कि कुछ महिलाएं किन्नर का वेश धारण कर यात्रियों से जबरन पैसे वसूल रही थीं और अभद्र व्यवहार कर रही थीं, टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कुल 7 महिलाओं को हिरासत में लिया।

सभी आरोपियों को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव लाया गया, जहां उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 145 एवं 137 के तहत मामला दर्ज किया गया है,रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध और अनुचित गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,और आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

यात्रियों से अपील:
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, जबरन वसूली या असुविधा की जानकारी तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 (रेल मदद) पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

रिपोर्टर : राशीद जमाल सिद्दीकी