खरसिया–परमलकसा नई रेल लाइन: हावड़ा-मुंबई ट्रंक रूट पर दबाव कम करने की बड़ी तैयारी……

रायगढ़। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने ट्रेनों के बढ़ते दबाव को कम करने और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है, इस योजना के तहत हावड़ा–मुंबई मेन ट्रंक लाइन के समानांतर खरसिया से परमलकसा तक नई रेल लाइन बिछाई जाएगी,यह प्रस्तावित रेल लाइन करीब 278 किलोमीटर लंबी होगी और इसे डबल ट्रैक के रूप में विकसित किया जाएगा, परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 8700 करोड़ रुपये बताई जा रही है, इस नई लाइन के निर्माण से ट्रेनों की आवाजाही में तेजी आएगी, और उनकी समयपालन (पंक्चुअलिटी) में भी सुधार होगा,नई रेल लाइन रायगढ़, सक्ती, बिलासपुर, बलौदाबाजार, रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे प्रमुख जिलों से होकर गुजरेगी।

इससे इन क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। जानकारी के अनुसार, इस रूट पर 22 से 24 नए स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन और आसान हो जाएगा,परियोजना के तहत जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस लाइन के शुरू होने के बाद हावड़ा–मुंबई ट्रंक रूट पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा, जिससे नई ट्रेनों के संचालन का मार्ग भी प्रशस्त होगा,इस नई रेल लाइन के पूरा होने के बाद सक्ती से परमलकसा तक एक वैकल्पिक रेलवे रूट उपलब्ध होगा,इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि माल परिवहन में भी तेजी आएगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।