रायगढ़। नगर के प्रसिद्ध बूढ़ी माई मंदिर में वर्षों से निरंतर चल रही भजन सेवा का 29वां वार्षिक उत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया, इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

भजन सेवा से जुड़ी यह मंडली पिछले 29 वर्षों से लगातार सक्रिय है,भजन मंडली के संस्थापक एवं अध्यक्ष ठाकुर श्याम सिंह ने बताया कि इस पावन कार्य की प्रेरणा अमरकंटक स्थित मां नर्मदा के पुजारी स्व. चंद्रमा द्विवेदी एवं रायगढ़ के पंडित ब्रजेश मिश्रा से मिली, बूढ़ी माई के आशीर्वाद से संस्था ने 29 वर्ष पूर्ण कर अब 30वें वर्ष में प्रवेश किया है।
उन्होंने बताया कि समय-समय पर संस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव भी किए गए,19 मई 1998 से प्रतिदिन परिक्रमा की शुरुआत की गई, वहीं परिक्रमा के बाद ‘ऊँ’ के जाप की परंपरा भी शुरू हुई, इसके अलावा 29 नवंबर 2012 से कार्तिक माह में प्रभात फेरी का आयोजन भी नियमित रूप से किया जा रहा है।
उत्सव के अवसर पर आयोजित एक सादगीपूर्ण कार्यक्रम में समिति द्वारा संस्था के प्रेरणा स्रोत पंडित ब्रजेश मिश्रा का सम्मान किया गया, साथ ही भजन मंडली से जुड़े सभी सदस्यों को भी सम्मानित कर उनकी सेवाओं की सराहना की गई,कार्यक्रम के अंत में भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाया।









