बारिश और भारी भीड़ के चलते वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित…..!!

जम्मू / कश्मीर।  कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा को लगातार हो रही बारिश और बढ़ती भीड़ को देखते हुए फिलहाल अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है,अधिकारियों के अनुसार कटड़ा और आसपास के इलाकों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। खराब मौसम के कारण पहाड़ी रास्तों की स्थिति प्रभावित हुई है, जिससे यात्रा मार्ग पर फिसलन और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है, इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यात्रा स्थगित कर दी गई है।



श्राइन बोर्ड ने शनिवार शाम करीब 4 बजे तक सभी यात्रा पंजीकरण केंद्रों को बंद रखने का फैसला लिया है, इससे पहले करीब 41 हजार श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके थे, जिसके चलते कटड़ा में भारी भीड़ जमा हो गई थी।



प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, मौसम सामान्य होने और भीड़ नियंत्रण के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा,प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और फिलहाल अनावश्यक रूप से कटड़ा या यात्रा मार्ग की ओर न जाएं।