27 मार्च को निकलेगी भव्य श्री राम शोभायात्रा, अग्रसेन भवन में सर्व हिंदू समाज की बैठक, जय श्री राम के नारों से गूंजा परिसर

रायगढ़। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव राम नवमी के अवसर पर शहर में 27 मार्च शुक्रवार को भव्य श्री राम शोभायात्रा निकाली जाएगी, इस आयोजन को भव्य और दिव्य बनाने के लिए रविवार को स्थानीय अग्रसेन भवन रायगढ़ में सर्व हिंदू समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, बैठक श्री राम नवमी आयोजन समिति के तत्वावधान में हुई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में रामभक्त और समाज प्रमुख शामिल हुए। बैठक के दौरान जय श्री राम के गगनचुंबी नारों से पूरा परिसर गूंज उठा,बैठक में बताया गया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शहर में भव्य श्री राम शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, कार्यक्रम की शुरुआत नटवर स्कूल प्रांगण में शस्त्र पूजन के साथ होगी, इसके बाद शोभायात्रा वहीं से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए स्टेशन चौक, गांधी प्रतिमा, रामनिवास टॉकीज चौक, गोपी टॉकीज, मंदिर चौक, सुभाष चौक, हटरी चौक, पैलेस रोड, चांदनी चौक, गांजा चौक, गद्दी चौक, सिटी कोतवाली, हंडी चौक और घड़ी चौक होते हुए रामलीला मैदान में समाप्त होगी।



समापन स्थल पर विशाल भंडारा और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन समिति द्वारा आकर्षक और अनुशासित झांकियों तथा शोभायात्रा में शामिल टोलियों को रनिंग शील्ड और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित करने की भी योजना बनाई गई है, इसके लिए शहर के गणमान्य नागरिकों की एक स्वतंत्र निर्णायक टीम बनाई जाएगी।



बैठक में जानकारी दी गई कि शोभायात्रा में सर्व हिंदू समाज के 55 से अधिक समाजों के रामभक्त शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न युवा समितियां, सामाजिक संगठन और समाजों द्वारा झांकियां, डीजे, ढोल-नगाड़े और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी शामिल की जाएंगी,आयोजन समिति ने बताया कि यह पहली बड़ी बैठक थी, आगामी दिनों में युवा समिति, महिला समिति, वार्ड समिति, दुर्गा पूजा समिति तथा विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों की बैठकें आयोजित कर शोभायात्रा को और अधिक भव्य बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी।



समिति ने शहर के सभी रामभक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर इस वर्ष की श्री राम नवमी शोभायात्रा को सफल और ऐतिहासिक बनाएं, आयोजकों का कहना है कि तैयारियों को देखते हुए इस बार का आयोजन पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक आकर्षक होने की उम्मीद है।