एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का किसानों ने किया विरोध, आंदोलन की चेतावनी….

रायगढ़। प्रस्तावित एयरपोर्ट निर्माण को लेकर प्रभावित गांवों के किसानों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है,इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ किसान सभा रायगढ़ के बैनर तले ग्राम जकेला में आसपास के कई गांवों के किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का कड़ा विरोध किया गया,बैठक में ग्राम औरदा, कोड़ातराई और बेलपाली सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों ने एक स्वर में कहा कि उन्हें एयरपोर्ट की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि करीब 80 किलोमीटर की दूरी पर पहले से ही एयरपोर्ट मौजूद है, जिससे उनकी जरूरतें पूरी हो जाती हैं।



किसानों का कहना है कि सरकार यदि विकास के नाम पर उनकी उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण करती है, तो इससे उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा, किसानों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि खेती ही उनके जीवन-यापन का मुख्य साधन है, यदि उनकी जमीन उनसे छीन ली गई तो वे अपने परिवार का भरण-पोषण कैसे करेंगे।

बैठक में किसानों ने साफ तौर पर कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं, साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि यदि जिला प्रशासन या सरकार जबरन जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करती है, तो किसान सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।



किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि बिना उनकी सहमति के जमीन लेने की कोशिश की गई तो व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, किसानों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि उनकी भावनाओं और आजीविका को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के लिए कृषि भूमि का अधिग्रहण न किया जाए, किसानों ने यह भी कहा कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो आने वाले दिनों में बड़ा किसान आंदोलन खड़ा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।