मोबाइल शॉप में लाखों की चोरी का खुलासा, 14 लाख के 16 आईफोन बरामद — दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ । रायगढ़ पुलिस ने मोबाइल दुकान में हुई लाखों की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पुलिस ने चोरी गए 16 आईफोन की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली है, जिनकी कुल कीमत करीब 14 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।



पुलिस के अनुसार शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप में 9 मार्च 2026 की रात चोरी की घटना हुई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक ने बताया कि वह रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे, अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर शोकेस में रखे मोबाइल अस्त-व्यस्त मिले। जांच करने पर पता चला कि दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर चोर अंदर घुसा और शोकेस में रखे 16 नग आईफोन व काउंटर में रखी नकदी लेकर फरार हो गया,मामले में सिटी कोतवाली रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।



तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई, साइबर टीम ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जिसके आधार पर पुलिस टीम रायपुर पहुंची,सूचना मिली कि आरोपी ट्रेन से रायगढ़ आ रहा है, पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर चलती ट्रेन में ही मुख्य आरोपी को पकड़ लिया।


मुख्य आरोपी ने कबूली चोरी

पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश चौहान (19 वर्ष) निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई, पूछताछ में उसने सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया, साथ ही जनवरी 2026 में बोईरदादर चौक स्थित एक अन्य मोबाइल दुकान में चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता कबूल की आरोपी ने बताया कि वह रायपुर से ट्रेन से रायगढ़ आया और दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से के पास लगी लोहे की सीढ़ी से ऊपर चढ़कर दूसरी मंजिल का ताला तोड़कर अंदर घुसा और शोकेस में रखे 16 आईफोन बैग में भरकर फरार हो गया।

साथी से भी बरामद हुआ आईफोन

पुलिस ने आरोपी आकाश चौहान से चोरी के 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा (21 वर्ष) निवासी सोनूमुड़ा रायगढ़ के कब्जे से बरामद किया गया, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है,दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, साथ ही पूर्व में दर्ज चोरी के मामलों में भी उनसे पूछताछ की जा रही है।

शशि मोहन सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़



एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में चोरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा, तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी पुलिस कार्रवाई से ऐसे अपराधों का तेजी से खुलासा किया जा रहा है, उन्होंने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।