चैत्र नवरात्र पर माँ गंगई मंदिर सहित अंचल के देवी मंदिरों में जलेंगी,आस्था की जोत

गंडई-पंडरिया, जिला केसीजी। नगर के माँ गंगई मंदिर एवं अंचल के विभिन्न देवी मंदिरों में इस वर्ष भी चैत्र नवरात्र पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा, आगामी 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले चैत्र नवरात्र को लेकर मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं, और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।



नवरात्र पर्व के दौरान नगर के माँ गंगई मंदिर सहित क्षेत्र के प्रसिद्ध नर्मदा मंदिर, सिद्ध बाबा मंदिर घिरघोली, चोरड़ाधाम, अन्नपूर्णा मंदिर पैलीमेटा तथा साल्हेवारा बंजारी मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जाएंगे,इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के शीतला मंदिरों और घरों में भी भक्तजन आस्था की जोत जलाने की तैयारी कर रहे हैं।



पर्व को लेकर मंदिर समितियों द्वारा मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, नवरात्र के दौरान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन तथा धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा,श्रद्धालुओं का मानना है कि नवरात्र के दौरान माँ दुर्गा की आराधना और ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, और घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है। इसको लेकर नगर और आसपास के गांवों में अभी से धार्मिक माहौल बनना शुरू हो गया है।

रिपोर्टर राशीद जमाल सिद्दीकी