मुसीबत का सामना करना सीख रही हैं, बेटियां: रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बढ़ रहा, आत्मविश्वास

गंडई-पंडरिया। सरकार द्वारा छात्राओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे, रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं, इसी कड़ी में जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी के निर्देश पर नगर के सभी शासकीय स्कूलों में छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।



नगर के पीएम श्री स्वर्गीय लाल मूरत सिंह खुशरो शासकीय अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय, गंडई में कक्षा 6वीं से 12वीं तक की छात्राओं को प्रतिदिन एक घंटे का आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जा रहा है, विद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार ददरया के मार्गदर्शन में प्रशिक्षक खूबचंद साहू छात्राओं को नियमित रूप से आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकें सिखा रहे हैं।



प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को फेस पंच, साइड डिफेंस, डॉन किक, क्रॉस डिफेंस, गले की पकड़ और हाथों की पकड़ से खुद को छुड़ाने जैसे कई महत्वपूर्ण तरीके सिखाए जा रहे हैं, छात्राएं पूरे उत्साह और रुचि के साथ इन तकनीकों को सीख रही हैं,विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य अधिक से अधिक छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाकर उन्हें आत्मविश्वासी और सशक्त बनाना है, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति का सामना मजबूती से कर सकें, इस प्रशिक्षण से छात्राओं में आत्मविश्वास और आत्म-सम्मान बढ़ रहा है, साथ ही उनके मन में मौजूद डर और चिंता भी कम हो रही है।



कार्यक्रम को सफल बनाने में स्नेह एक्का (कार्यक्रम प्रभारी), योगेश्वरी तारम, भुवनेश्वरी साव, रीमा देवांगन, मुकेश यादव, दुर्गेश सेन, यश जंघेल, रोहन दिवाकर, देवचरण पैंकरा, कमल सिंह, रवीश भारती, शिलमन ठाकुर, रविन्द्र साहू सहित विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

रिपोर्टर: राशिद जमाल सिद्दीकी