कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार देर रात उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री ननकीराम कँवर के बेटे संदीप कँवर ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपनी कार एक दुकान में घुसा दी, घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही,मिली जानकारी के अनुसार संदीप कँवर देर रात कार चलाते हुए नियंत्रण खो बैठे और उनकी गाड़ी सीधे एक दुकान में जा घुसी, टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना में दुकान को नुकसान होने की बात सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप कँवर को थाने ले जाया गया, बताया जा रहा है कि थाने पहुंचने के बाद भी संदीप कँवर ने काफी देर तक हंगामा किया और पुलिसकर्मियों को चुनौती देने जैसी स्थिति बन गई।
घटना को लेकर इलाके में काफी चर्चा का माहौल है, क्योंकि संदीप कँवर वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री ननकीराम कँवर के पुत्र बताए जा रहे हैं, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी,वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।









