बलरामपुर। जिले में सामने आए अवैध अफीम खेती के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है, प्रदेश कांग्रेस द्वारा गठित जांच टीम बुधवार को कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरा गांव के घसोड़ा इलाके में पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली।

पूर्व विधायक प्रीतम राम के नेतृत्व में पहुंची टीम
जांच टीम के संयोजक पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, पूर्व विधायक भानु प्रताप सिंह और कांग्रेस जिला अध्यक्ष सहित कई कांग्रेस नेता मौके पर पहुंचे, टीम ने उस स्थान का निरीक्षण किया जहां अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया है।

बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
निरीक्षण के बाद कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दुर्ग के बाद अब बलरामपुर जिले में अफीम की खेती का मामला सामने आना सरकार के सुशासन के दावों की पोल खोलता है, उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है,उनका कहना है कि अवैध अफीम खेती जैसे गंभीर अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

करीब दो एकड़ में की गई थी खेती
गौरतलब है कि कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरा गांव के घसोड़ा इलाके में करीब दो एकड़ जमीन पर अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की जानकारी सामने आई थी, सूचना मिलने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है।










