रायपुर। छत्तीसगढ़ से इस बार दो महिलाएं राज्यसभा में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी,भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम सोमवार को निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित घोषित की गईं, रिटर्निंग ऑफिसर ने दोनों नेताओं को सांसद चुने जाने का प्रमाण पत्र प्रदान किया,दरअसल, राज्यसभा की दो सीटों के लिए भाजपा और कांग्रेस ने एक-एक प्रत्याशी मैदान में उतारा था, अन्य कोई उम्मीदवार नामांकन नहीं होने के कारण चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ी और दोनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गईं।

भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा पिछले करीब 30 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं, और पार्टी संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं, वहीं कांग्रेस की प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम बस्तर क्षेत्र की प्रमुख आदिवासी नेत्री हैं और लगभग 32 वर्षों से पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं,राज्यसभा में जीत के बाद दोनों दलों के नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और लोकतांत्रिक परंपरा का संदेश दिया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्विरोध निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनका चयन भाजपा के जमीनी कार्यकर्ताओं के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व के अटूट विश्वास का प्रतीक है, उन्होंने कहा कि संगठन में वर्मा ने जिस समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य किया है, उसकी गूंज अब देश की सबसे बड़ी पंचायत राज्यसभा में सुनाई देगी,उन्होंने यह भी कहा कि यह निर्वाचन छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









