बलरामपुर। बलरामपुर जिला कांग्रेस कमेटी में अंदरूनी कलह तेज हो गई है,संगठन के भीतर असंतोष के चलते पद से इस्तीफे का सिलसिला शुरू हो गया है, एक साथ तीन जिला सचिव और पांच मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार जिला सचिव पद से गौर विश्वास, प्रदीप खेस और मनोज दुबे ने प्रदेश अध्यक्ष के नाम इस्तीफा पत्र भेजा है,वहीं मंडल बरदर, डवरा, महराजगंज, दलधोवा और पस्ता के मंडल अध्यक्षों ने भी अपने पद से इस्तीफा देते हुए प्रदेश अध्यक्ष को पत्र प्रेषित किया है।

बताया जा रहा है कि पदाधिकारियों द्वारा भेजे गए इस्तीफा पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, इस्तीफा देने वाले नेताओं ने पत्र के माध्यम से संगठन में उपेक्षा और व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

एक साथ बड़ी संख्या में पदाधिकारियों के इस्तीफे से जिला कांग्रेस संगठन में हलचल मच गई है, बताया जा रहा है कि कई पदाधिकारी वर्तमान जिला अध्यक्ष और ब्लॉक स्तर के नेतृत्व के व्यवहार तथा कार्यकारिणी से नाराज होकर अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस संगठन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन अचानक हुए इन इस्तीफों से जिले की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।









